कला, संस्कृति एवं मनोरंजन पर आधारित वर्ष 2026 की फिल्म ‘रामायण’ ने सम्पूर्ण विश्व में एक अलग ही पहचान बना रही है। अब तक जो काल्पनिक जीव केवल हॉलीवुड फिल्मों का ही हिस्सा थी अब वह भारतीय फिल्मों में भी देखने को मिल रहा है। हमारी अपनी संस्कृति एवं महाकाव्यों में ऐसे पात्रों की चर्चा होती रहती थी, पर ‘रामायण’ फिल्म में उसे हूबहू सजीव कर दिया गया जिसे देखकर भव्यता का अनुभव हो रहा है। जी हाँ मैं बात कर रहा हूँ – रामायण के अत्यंत मर्मस्पर्शी पात्र – रामभक्त जटायु की। उनके पंख कटे, पर संकल्प नहीं — जानें जटायु की अमर गाथा का संक्षिप्त परिचय –
जटायु की अमर गाथा
पौराणिक आख्यानों के अनुसार जटायु महर्षि कश्यप और विनता के पुत्र अरुण के वंशज थे। अरुण सूर्यदेव के सारथी हैं, और जटायु उन्हीं अरुण तथा श्येनी के पुत्र थे। उनके बड़े भाई का नाम सम्पाति था। जटायु दंडकारण्य के इसी पंचवटी क्षेत्र में निवास करता था। यहीं उनकी मैत्री अयोध्या के महाराज दशरथ से हुई, जो जीवनपर्यंत अटूट बनी रही। कहा जाता है कि जटायु अपने यौवनकाल की अद्भुत शक्तियों का मालिक था। वाल्मीकि रामायण में भी इसका जिक्र मिलता है।
प्रभु श्रीराम एवं गृध्रराज जटायु का पंचवटी में मिलन

महाकव्यों के अनुसार पंचवटी एक अत्यंत ही सुंदर एवं मनोरम स्थान था, वर्तमान में यह स्थान नासिक के गोदावरी नदी के तट पर स्थित है। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण चौदह वर्ष के वनवास के दौरान इसी जटायु वाले पंचवटी में एक छोटी सी कुटिया अर्थात पर्णकुटी बनाकर रह रहे थे। रामचरित मानस में इस पंचवटी की सुंदरता का जिक्र है-
“है प्रभु परम मनोहर ठाऊँ। पावन पंचबटी तेहि नाऊँ॥”
प्रभु श्रीराम एवं गृध्रराज जटायु का पंचवटी में मिलन हुआ। महाराज दशरथ का मित्र जानकर श्रीराम ने जटायु को पिता के समान सम्मान दिया। गोस्वामी तुलसीदास ने श्रीरामचरितमानस के अरण्यकांड में इस आत्मीय संबंध का अत्यंत भावपूर्ण चित्रण किया है:
“गीधराज सैं भेंट भइ बहु बिधि प्रीति बढ़ाइ। गोदावरी निकट प्रभु रहे पर्न गृह छाइ॥”
रावण की तलवार भी न काट सकी जिसका संकल्प: जटायु का बलिदान

समय बीतता गया एवं वह क्षण भी आ पहुंचा जब माता सीता के अनुरोध एवं जिद पर स्वर्णमृग (मारीच) के छल में फँसकर जब श्रीराम और लक्ष्मण पर्णकुटी से दूर चले गए एवं लंकापति रावण ने संन्यासी का वेश धरकर माता सीता का हरण कर लिया।

उस समय पंचवटी के एक ऊँचे वृक्ष पर विश्राम कर रहे वृद्ध जटायु ने सीता के करुण विलाप सुना। श्रीरामचरितमानस में तुलसीदास जी लिखते हैं:
“सुनि गीधराज पुकार अति करुना भरी। रघुपति प्रिया जानकिहि रावन हरत री॥ अति क्रोधवंत जटायु धाएउ गगन में। ललकारि दुष्टहि रोकि लीनों मगहि में॥”
फिर भी, जटायु ने एक क्षण भी संकोच बिना आकाश मार्ग में रावण के रथ को ललकारा और क्रोध में आकर अपनी भयानक तलवार (चंद्रहास) निकाली और जटायु के पंख काट डाले। जटायु श्रीराम का स्मरण करते हुए लहूलुहान अवस्था में पृथ्वी पर आ गिरे। तुलसीदास जी इस पराक्रम का वर्णन करते हुए लिखते हैं:
“चोंचन्ह मारि बिदारेसि देही। दंड एक भइ मुरुछा तेही॥ तब सक्रोध निसिचर खिसिआना। काढ़ेसि परम कराल कृपाना॥ काटेसि पंख परा खग धरनी। सुमिरि राम करि अदभुत करनी॥”
अर्थात जटायु ने अपनी तीखी चोंच से प्रहार करके रावण के शरीर को लहूलुहान कर दिया (फाड़ डाला)। इस प्रहार से रावण को एक घड़ी के लिए बेहोस हो गया। होश में आने पर उसने अत्यंत गुस्से में अपनी अत्यंत भयानक तलवार म्यान से बाहर निकाली। रावण ने उस तलवार से जटायु के पंख काट डाले। अद्भुत पराक्रम दिखाने के पश्चात, भगवान श्रीराम का स्मरण करते हुए पक्षीराज जटायु धरती पर आ गिरे।
जब श्रीराम ने अपने हाथों से दी जटायु को विदाई
सीता की खोज में भटकते हुए जब श्रीराम और लक्ष्मण दक्षिण दिशा की ओर कुछ ही दूर जाने पर उन्होंने पर्वत के समान विशालकाय जटायु को मृत्युशैया पर पड़ा देखा। जटायु ने केवल इस उद्देश्य से अपने प्राणों को रोके रखा था कि वे श्रीराम को माता सीता के हरण की सूचना और दिशा बता सकें। जैसे ही उन्होंने श्रीराम को देखा, उनकी आँखों में संतोष की चमक आ गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में बताया कि रावण माता सीता को हरकर दक्षिण दिशा की ओर ले गया है एवं उसने रावण की शक्ति एवं उनके परिवार के बारे में चेताया ।
श्रीरामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास ने इस क्षण को अत्यंत मार्मिक रूप दिया है:
“सीता हरन तात जनि कहहु पिता सन जाइ। जौं मैं राम त कुल सहित कहिहि दसानन आइ॥”
जटायु ने श्रीराम की गोद में अपने प्राण त्याग दिए। श्रीराम ने उनके सिर को अपनी गोद में रखा और नेत्रों से अश्रु बह निकले। श्रीराम ने स्वयं अपने हाथों से जटायु का अंतिम संस्कार (अंत्येष्टि) किया और उन्हें मोक्ष प्रदान किया।
तुलसीदास जी लिखते हैं:
“कोमल चित अति दीनदयाला। कारन बिनु रघुनाथ कृपाला॥ गीध अधम खग आमिष भोगी। गति दीन्ही जो जाचत जोगी॥”
अर्थात भगवान श्रीराम अत्यंत कोमल हृदय वाले और दीनों पर दया करने वाले हैं। रघुनाथ जी बिना किसी स्वार्थ या कारण के ही अपने भक्तों पर कृपा करने वाले हैं। उन्होंने जटायु जैसे एक गिद्ध को—जो जन्म से पक्षी और माँस खाने वाला (आमिष भोगी) था—वह परम गति (मोक्ष) प्रदान कर दी, जिसकी बड़े-बड़े तपस्वी और योगी भी निरंतर कामना करते रहते हैं।
संक्षेप में कहा जा सकता है कि राम भक्त जटायु उस अदम्य साहस की कोई तुलना नहीं। उनके लिए धर्म ही श्रेष्ठ था। जटायु जानता था कि रावण उससे कई गुना शक्तिशाली है, फिर भी एक -पक्षी होकर भी उसने उस संकट की घंडी में वही किया जो मानवीय मूल्यों और मर्यादा की रक्षा के लिए उचित था और यही जहां धर्म एवं नीति है। उनका बलिदान हमें याद दिलाता रहेगा कि —पंख कट सकते हैं, पर संकल्प कभी पराजित नहीं होता।
गुरु पर्व विशेष पर इसे अवश्य पढ़ें –
Guru Parv Special : गुरु नानक देव जी के वे अनमोल सीख जो हर किसी को जानना चाहिए।
Post Disclaimer
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।हम किसी भी उद्देश्य के लिए jivanvrit.com वेबसाइट या पोस्ट पर निहित जानकारी, उत्पादों, सेवाओं या संबंधित ग्राफिक्स के संबंध में पूर्णता, सटीकता, विश्वसनीयता, उपयुक्तता या उपलब्धता के बारे में किसी भी प्रकार का कोई प्रतिनिधित्व या वारंटी नहीं देते हैं।











